अजमेर, 14 सितंबर।
राजस्थान लोक सेवा आयोग अपनी भर्ती एवं साक्षात्कार प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी, आधुनिक तथा प्रभावी बनाने के लिए लगातार नवाचार कर रहा है। इसी कड़ी में, आयोग के सदस्य डॉ. सुशील कुमार बिस्सु के नेतृत्व में आरपीएससी की एक टीम 20 से 22 सितंबर तक तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात लोक सेवा आयोग जाएगी। यह टीम वहां की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन कर बेस्ट प्रैक्टिसेज को समझने का प्रयास करेगी।
*इंटरव्यू सिस्टम और मार्किंग प्रक्रिया का होगा अध्ययन_*
तीन दिन के महत्वपूर्ण दौरे में आरपीएससी की टीम गुजरात लोक सेवा आयोग के इंटरव्यू सिस्टम और उसकी मेथडोलॉजी का बारीकी से अध्ययन करेगी। इसके साथ ही, साक्षात्कार के दौरान उम्मीदवारों को अंक देने की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझा जाएगा। उद्देश्य यह है कि देश के अन्य उन्नत आयोगों की बेहतर प्रक्रियाओं को जानकर उन्हें आरपीएससी में भी लागू करने की संभावनाओं पर काम किया जा सके।
_*अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की है विशेष पहल*_
देश के अन्य लोक सेवा आयोगों की बेस्ट प्रैक्टिसेज का अध्ययन करने का यह कदम आरपीएससी अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह की विशेष पहल का परिणाम है। उनका विजन है कि प्रक्रियाओं के संवर्धन और आयोग की कार्यक्षमता तथा कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जाए।
गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में लोक सेवा आयोगों की एक राष्ट्रीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। इस उच्च स्तरीय बैठक में आरपीएससी अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने देश भर के भर्ती आयोगों के बीच परस्पर संवाद और एक-दूसरे की प्रक्रियाओं के अध्ययन का महत्वपूर्ण सुझाव दिया था। उनके इसी विजन को अब धरातल पर उतारा जा रहा है।
इसी के तहत कुछ दिनों पूर्व उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य ने भी आरपीएससी का दौरा कर राजस्थान लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली और यहां अपनाई जा रही श्रेष्ठ प्रक्रियाओं को समझा था।