अजमेर। अजमेर उत्तर विधान सभा क्षेत्र के गांव हाथीखेड़ा, बोराज, काजीपुरा के ग्रामवासियों ने फायसागर की पाल पर एकत्रित होकर क्षेत्रीय विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में 9 अप्रेल को हाथीखेड़ा पंचायत में प्रस्तावित प्रशासन गांवों के संग शिविर का सर्वसम्मति से बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
विधायक देवनानी ने बताया कि सरकार द्वारा इस अभियान के अन्तर्गत गंावों में आबादी विस्तार के सम्बंध में जो 200 मीटर व 500 मीटर का फार्मूला लागू किया है वो पूर्णतः अव्यवहारिक है। इस फार्मूले से गांवों के बाहर मगरे, ढाणियों, कानाड़ी, फायसागर चौराहा आदि क्षेत्रों में बरसों से बसे ग्रामवासियों को आबादी विस्तार का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इन गांवो व आस-पास में वर्तमान बसावट के अनुसार ही आबादी विस्तार किया जाना चाहिए।
हाथीखेड़ा पंचायत के गांववासियों ने एक बैठक आयोजित कर सरकार की तानाशाही नीतियों का विरोध करते हुए जिस प्रकार पूर्व में भी उक्त शिविरों का बहिष्कार किया गया था उसी प्रकार से कल से प्रस्तावित शिविर का भी बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
इस सम्बंध में विधायक देवनानी ने जिला कलक्टर से फोन पर बात कर इस अविवेकपूर्ण निर्णय का विरोध दर्ज कराया जिसके सम्बंध में कलक्टर ने बताया कि उन्होंने सरकार से इस सम्बंध मंे मार्गदर्शन मांगा है। कलक्टर द्वारा आबादी विस्तार सम्बंधी निर्णय सरकार के स्तर पर लम्बित बताये जाने पर देवनानी ने पंचायतराज मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय से मोबाईल पर बात कर आबादी विस्तार के अव्यवहारिक नियमों में तत्काल संशोधन कराते हुए ग्रामवासियों को राहत दिये जाने की मांग की।
ग्रामवासियों की बैठक को सरपंच रतन सिंह, पंचायत समिति सदस्य शमशेर सिंह, उप सरपंच नानू सिंह, भोमसिंह ने भी सम्बोधित करते हुए सरकार के मनमाने नियमों का पुरजोर विरोध किया। बैठक में दूधाजी लम्बरदार, फूलसिंह, मुरली, देबीसिंह, शंकरसिंह, ज्ञानीसिंह, भगवानसिंह, फूलसिंह, गंगाराम, किशनसिंह सहित बोराज, काजीपुरा, हाथीखेड़ा के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।