जयपुर। देश का वैश्य समाज आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में आबादी के हिसाब से टिकट मांगेगा। वैश्य समाज राजनीतिक एवं सामाजिक हितों को लेकर 28 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित कर राजनीतिक दलों को अपनी ताकत का अहसास कराएगा।
पूर्व सांसद, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामदास अग्रवाल ने आज जयपुर में पत्रकारों को बताया कि समाज के हितों के लिए सभी दलों से हक मांगा जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय वैश्य समाज के हाल ही में अध्यक्ष बने अग्रवाल ने कहा कि 28 अप्रैल को होने वाली रैली में सभी दलों के वैश्य सांसद, विधायक शामिल होंगे। इस रैली के माध्यम से वैश्य समाज में राजनीतिक जागृति पैदा करने की मुहिम शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से पिछड़ों को चौदह प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर भी इस रैली में प्रस्ताव पास किया जाएगा।