राजस्थान दिवस समारोह के लिए सौंपे दायित्व

किशोर कुमार
किशोर कुमार
अजमेर, 19 मार्च। अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं राजस्थान दिवस समारोह के नोडल अधिकारी श्री किशोर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को उनके दायित्व सौंपे गए तथा गम्भीरता के साथ कार्य करने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
श्री किशोर कुमार ने बताया कि पुरातत्व एवं संग्रहालय के अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार 25 मार्च से 30 मार्च तक प्रातः 10 बजे से धरोहर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन से 5 अप्रेल तक प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक वैशाली नगर स्थित अरबन हाट में रात्रि एवं क्राफ्ट बाजार का आयोजन जिला उद्योग केन्द्र द्वारा किया जाएगा। रविवार 27 मार्च से 3 अप्रेल तक सूचना केन्द्र की प्रदर्शनी दीर्घा में राज्य तथा अजमेर जिले की उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी। जिसका प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक अवलोकन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि सोमवार 28 मार्च को प्रातः 11 बजे से 4 बजे तक कब्बड्डी, रस्साकसी, बाॅलीबाॅल एवं कुश्ती की संभाग स्तरीय परम्परागत खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात् सांय 5.30 बजे से संभाग स्तरीय मशाल दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर व टोंक जिलों की खेलकूद से जुड़ी हस्तियां, लोक कलाकार, विद्यार्थी, गणमान्य नागरिक, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा विविध बैंण्ड भाग लेंगे। यह मशाल दौड़ शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई पटेल मैदान में समाप्त होगी। इसके लिए जिला खेल अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है।
श्री किशोर कुमार ने बताया कि देवस्थान विभाग तथा पुष्कर नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में पुष्कर सरोवर पर महाआरती और दीपदान राजस्थान दिवस 30 मार्च के अवसर पर सांय 7.15 बजे किया जाएगा। अजमेर शहर में राजस्थान दिवस के अवसर पर सायं 6 बजे से बैंण्ड वादन तथा सायं 7 बजे आनासागर टापू पर आतिशबाजी का मनमोहक प्रस्तुतिकरण होगा। पर्यटन विभाग, शिक्षा विभाग एवं अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा सायं 7 बजे जवाहर रंगमंच में सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।

error: Content is protected !!