मंत्री ने पीलिया प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर वितरित हो रहे पानी को पीकर जांचा व नमूने लिये
सप्लाई हो रहे पानी में किसी प्रकार की अशुद्धता नहीं: कॉलोनीवासी


जयपुर। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने रविवार सुबह पांच बजे क्षेत्रीय विधायक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी के साथ पीलिया प्रभावित सोढ़ाला क्षेत्रों में पेयजल वितरण अवधि के समय दौरा किया। उन्होंने पीलिया प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर वितरित हो रहे पानी को पीकर जांचा व नमूने लिये। कॉलोनीवासियों ने मंत्री को बताया कि सप्लाई हो रहे पानी में किसी प्रकार की अशुद्धता नहीं है व शुद्व पेयजल की सप्लाई हो रही है। साथ ही श्रीमती माहेश्वरी ने पीलिया से पीड़ित घनश्याम, रामावतार व अन्य से मिलकर वस्तुस्थिति की सूचना ली ।
मंत्री किरण माहेश्वरी ने श्री अरूण चतुर्वेदी, नगर निगम के महापौर श्री निर्मल नाहटा, निगम के सुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ज्ञानाराम व जलदाय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कुमावत कॉलोनी, गणेश नगर, मजदूर नगर व फुटलिया बाग क्षेत्रों का दौरा किया। कॉलोनीवासियों नें अधिकारीयों द्वारा क्षेत्रों में भ्रमण नहीं करने और फोन भी नहीं उठाने की शिकायत की। इन शिकायतों पर श्रीमती माहेश्वरी ने विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही कड़े शब्दों में फटकार लगायी और क्षेत्र अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह आमजन की शिकायतों से संबंधित फोन तत्काल उठाए और संवेदनशीलता दिखाते हुए समस्या का त्वरित समाधान करें।
क्षेत्रीय विधायक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी ने श्रीमती माहेश्वरी से मांग की कि सिविल लाइन क्षेत्र के फुटलिया बाग व अन्य कॉलोनियों में भारी संख्या में अवैध नल कनेक्शन चल रहे हैं और आये दिन पानी की पाइप लाइनों से छेड़छाड़ करने की शिकायत भी आती है। जिससे पानी की शुद्धता भी प्रभावित होती है। इसके लिए सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र में एक शिविर लागाकर अवैध संयोजनों को नियमित करवाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इससे जलदाय विभाग को भी अनावश्यक क्षति से बचाया जा सकेगा। इस पर माहेश्वरी ने विभाग के अधिकारियों को 1 से 15 जनवरी तक शिविर लगाकर उक्त समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये। दौरे के दौरान फुटलिया बाग क्षेत्र में पेयजल के लिए संचालित हैण्डपंप के समीप एकत्रित कचरे के ढेर व कचरा पात्र को देखकर श्रीमती माहेश्वरी ने नगर निगम के महापौर को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए निगम अधिकारियों को यहां से सफाई कराने व कचरा पात्र हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें ताकि क्षेत्र में गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से बचा जा सके।
श्रीमती माहेश्वरी ने यह भी कहा कि नगर निगम ने लापरवाही बरतते हुए मजदूर नगर में पेयजल की पाइप लाइनों के समीप सीवरेज लाइनें डाल दी है, जिससे लाइनों के मिक्स अप होने की आशंका है। इसको देखते हुए नगर निगगम ऐसी सीवरेज लाइनों को चिह्नित कर जलदाय विभाग को अवगत करायें, ताकि इन पाइप लाइनों को सीवरेज पाइप लाइनों के चैम्बर से दूर किया जा सकें।
उन्होंने कुमावत नगर में ट्यूबवैलों से हो रही पेयजल सप्लाई के लिए स्थापित नलकूपों में पानी की गुणवता सुधार के लिए लगे क्लोरीनेशन यंत्रो को भी देखा और नलकूपों से हो रहे पानी की गुणवता की जांच करते रहने के निर्देश दिये।
पेयजल समस्या समाधान के लिए बनेगी जल सजगता समितियां: किरण माहेश्वरी
जयपुर। पेयजल समस्या समाधान के लिए विधायकों की अनुशंसा पर वार्ड स्तर पर पंजीकृत जल सजगता समितियां बनायी जायेगी। आये दिन आमजन से पेयजल के संबंध में शिकायतें मिलती रहती है। इस पर जन स्वा. अभियांत्रिकी एवं भूजल मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने पहल करते हुए बताया कि सभी क्षेत्रीय विधायक जल सजगता समितियां बनाकर जलदाय विभाग से इन समितियों का पंजीकरण करवाने की अनुशंसा करें। वार्ड समितियां अपने वार्ड में पंजिका भी संधारित करें। यह पंजिका किसी सार्वजनिक स्थान पर रखी जाये व इसमें आमजन अपने वार्ड की पेयजल गुणवता, लीकेज, पेयजल दबाव व हैण्डपंप मरम्मत संबंधी शिकायतें लिखवा सकें। सभी लिखित शिकायतों का संबंधित अधिशाषी व सहायक अभियंता द्वारा तीन दिनों में समाधान किया जायेगा। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।