महिला स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की पहल

‘परिधान’ प्रदर्शनी में महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के साथ ‘राधा बनो’ प्रतियोगिता एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

अजमेर, 19 सितंबर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर इकाई द्वारा महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्वावलंबी बनाने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होटल मानसिंह, वैशाली नगर में ‘परिधान’ नामक भव्य प्रदर्शनी एवं सेल का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों एवं परिधानों की बिक्री के लिए आकर्षक स्टॉल लगाए गए।

महिला रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर एवं प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिला। महासम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को रोजगारमुखी बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है।

महिला अध्यक्ष वर्षा फतेहपुरिया ने बताया कि महिलाएं अपने हुनर और प्रतिभा के माध्यम से परिवार के साथ-साथ समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और नए ग्राहकों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

संयोजक अरुणा गर्ग ने कहा कि “महिला का स्वावलंबन ही परिवार की आर्थिक मजबूती और समाज की प्रगति का आधार है।” उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को पहचान दिलाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महिला महामंत्री अनीता बाल्दी एवं सुधा मालू ने बताया कि राधाष्टमी के पावन अवसर पर प्रदर्शनी के दौरान ‘राधा बनो’ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसके साथ महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं नृत्य गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता के आयोजन में सुधा मालू, श्वेता विजयवर्गीय, कांता शाह, पूनम बैरागी, इंदु जैन, सोना गर्ग, मधु अग्रवाल, शेफाली जैन, वैशाली मेहता, श्वेता गुप्ता एवं अंजू गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।

जिला अध्यक्ष रमेश तापड़िया ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके हुनर को उचित मंच प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा महिला रोजगार एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक कालीचरण दास खंडेलवाल, रमेश चंद अग्रवाल, रमाकांत बाल्दी, सुभाष नवाल, प्रदीप पाटनी, राजीव मालू, सुबोध जैन, संजय जीगर्ग उमेश गर्ग, ज्वाला प्रसाद कांकाणी, पुष्पेंद्र पहाड़िया, मनीष खंडेलवाल, दिनेश लाहोटी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

 

उमेश गर्ग

जिला महामंत्री

अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर इकाई

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!